
तमिलनाडु में सेना का हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि हेलीकाप्टर में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। विमान हादसे में सूत्रों के अनुसार 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इस विमान में सीडीएस बिपिन रावत व उनकी पत्नी समेत 14 लोग सवार थे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दुर्घटना को लेकर जानकारी देने संसद पहुंच गए हैं। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायु सेना ने जांच के आदेश दिए हैं।
प्रशासन ने चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा नहीं की गई हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि सीडीएस समेत सभी घायलों का इलाज वेलिंग्टन अस्पताल में किया जा रहा है। इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद में जवाब देंगे। सूत्रों के अनुसार, सेना के इस हेलिकॉप्टर पर कुल 14 लोग सवार थे। अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दुर्घटनास के वक्त हेलीकाप्टर में कुल 14 लोग सवार थे। इनमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी साई तेजा और हवलदार सतपाल शामिल थे।
दुर्घटनास्थल के कुछ वीडियो भी सामने आ रहे हैं। तस्वीरों में गहरे धुएं और आग के साथ हेलीकॉप्टर के मलबा भी दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों को देखकर हादसे का अंदाजा लगाया जा सकता है। बता दें कि Mi-17 V5, एक मिडियम लिफ्ट हेलिकाप्टर है जिसे जवानों और आर्म ट्रांसपोर्ट, फासर सपोर्ट और खोजने और बचाने के मिशन के लिए डिजाइन किया गया है। बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त विमान Mi-17 V5 भारतीय वायुसेना का काफी ताकतवर हेलिकाप्टर माना जाता है।


