
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव शुरु होने जा रही है। इसी बीच संस्कृति विभाग के उपसंचालक ने वरिष्ठता के आधार पर कार्य का आवंटन नहीं किए जाने को लेकर विभागीय सचिव को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने महोत्सव में ड्यूटी नहीं करने की बात कही है।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ की पहचान को विश्व में स्थापित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस साल महोत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर से शुरु किया जा रहा है। जिसमें आयोजक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने पद की गरिमा अनुरूप जिम्मेदारी नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए नृत्य महोत्सव में काम करने में असमर्थतता जताई है।
संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के उपसंचालक जेआर भगत ने विभागीय सचिव को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में वरिष्ठता का ध्यान न रखते हुये कार्य आबंटन पर आपत्ति जताई है। इसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ बनने के बाद से उनकी वरिष्ठता के आधार पर मुख्य मंच पर ड्यूटी लगाने का जिक्र किया है। उन्होंने वर्ष 2019 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भी दी गई जिम्मेदारियों को निष्ठापूर्वक सम्पन्न करने का जिक्र किया है।


