
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी ऐजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के टर्म-1 परीक्षा की डेटशीट (Dateshit) जारी कर दी है। सीबीएसई कक्षा 10वीं के छात्रों के पहले टर्म की परीक्षा 30 नवंबर से शुरू होगी और 11 दिसंबर 2021 को खत्म होगी। वहीं कक्षा 12वीं के छात्रों की मुख्य विषयों की परीक्षाएं 01 दिसंबर से 22 दिसंबर 2021 तक चलेंगी। 12वीं कक्षा में 19 मुख्य विषयों की ही परीक्षा होगी जबकि कक्षा 10वीं में 7 मुख्य विषयों की परीक्षा होगी।
केवल प्रमुख विषयों के लिए डेटशीट जारी
परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के मुताबिक आज केवल प्रमुख विषयों के लिए डेट शीट को अनाउंस किया गया है, जबकि छोटे विषयों के लिए शेड्यूल अलग से स्कूलों को भेजा जाएगा। कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए लघु विषयों की परीक्षा क्रमशः 17 नवंबर और 16 नवंबर से शुरू होगी।

परीक्षार्थी नीचे दिए गए निर्देशों का पालन कर के डेटशीट को डाउनलोड कर सकते हैं।
1. सीबीएसई के आधिकारिक वेबसाइट http://cbse.gov.in/ पर जाएं।
2. होम पेज पर what’s new के लिंक पर क्लिक करें।
3. पेज पर दिखाई दे रहें कक्षा 10वीं या कक्षा 12वीं की डेटशीट पर क्लिक करें।
4. आपके सामने एक पीडीएफ खुल जाएगा।
5. डेटशीट को डाउनलोड कर लें और आगे की जरूरत के लिए इसका प्रिंट निकलवा लें।
कई राज्यों के शिक्षा बोर्ड ने भी सीबीएसई के फार्मूले को अपनाया
सीबीएसई द्वारा कुल 189 विषयों की परीक्षा ली जाती है, जिसे पूरा करने में 40 से 45 दिनों का समय लगता है। परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए बोर्ड ने विषयों को दो भागों में बांट दिया है। प्रमुख विषयों की परीक्षा डेट शीट के अनुसार आयोजित की जाएंगी और छोटे विषयों की परीक्षा के लिए सीबीएई द्वारा स्कूलों के समूह तैयार किए जाएंगे, जहां एक दिन में एक से अधिक विषयों की परीक्षा ली जाएगी। कई राज्यों के शिक्षा बोर्ड ने भी सीबीएसई के इस फॉर्मूले को अपनाया है।

क्या रहेगा परीक्षा पैटर्न
टर्म-1 परीक्षा पैटर्न
सवाल बहुवैकल्पिक (ऑब्जेक्टिव) होंगे, इसमें केस और रीजनिंग के सवाल होंगे।
अधिकतम अंकों की संख्या 50 होगी।
परीक्षा की समय-सीमा 90 मिनट की होगी।
सिलेबस के आधे हिस्से से सवाल पूछे जाएंगे।
टर्म-2 परीक्षा पैटर्न
लिखित (डिस्क्रिप्टिव) और बहुवैकल्पिक (ऑब्जेक्टिव) दोनों सवाल पूछे जाएंगे।
अधिकतम अंकों की संख्या 50 होगी।
परीक्षा की समय-सीमा 90 मिनट की होगी।
सिलेबस के आधे बचे हुए हिस्से से सवाल पूछे जाएंगे।


