Home Uncategorized दुर्ग जिले में आचार संहिता जल्द, जनवरी में होगा निकाय चुनाव

दुर्ग जिले में आचार संहिता जल्द, जनवरी में होगा निकाय चुनाव

299
0

निकाय चुनाव की तारीख घोषित होने के पूर्व शासन और प्रशासन दोनों स्तर पर तैयारी तेज कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली बार दुर्ग जिला मुख्यालय में होने वाली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में निकाय चुनाव का मुद्दा सबसे अहम होगा।

इसी बैठक में शामिल होने रविवार को पीसीसी चीफ मोहन मरकाम दुर्ग पहुंचे और बैठक को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस बैठक के दो दिन बाद 12 नवंबर को निर्वाचन आयोग की बैठक रखी गई है। इस बैठक में भी निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय की जाएगी और चुनाव को लेकर कई अहम निर्णय भी लिए जाएंगे।

दुर्ग में 10 नवंबर को होने वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और 34 जिलों के जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। 12 नवंबर को निर्वाचन आयोग की बैठक से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक रखना इस बात की ओर इशारा करता है कि बैठक में निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही साथ यह भी अटकलें लगाए जा रहे हैं कि 12 को निर्वाचन आयोग की बैठक बाद आचार संहिता लगाई जा सकती है।

इन बैठकों में उप चुनाव को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि जहां भी निकाय स्तर के पदाधिकारियों की मृत्यु हुई है उसकी सूचि तैयार की गई है। इन बैठकों में निकाय चुनाव के साथ ही उप निकाय चुनाव कराने की रणनीति भी बनाई जाएगी।

पीसीसी चीफ ने बैठक की तैयारियों का लिया जायजा
पीसीसी चीफ मोहन मरकाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आयोजित बैठक की तैयारियों का जायजा लेने रविवार को दुर्ग पहुंचे। उन्होंने दुर्ग के नवनिर्मित कांग्रेस भवन पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने मौजूद पदाधिकारियों को प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की संभावित बैठक और भिलाई निगम, रिसाली निगम, भिलाई-3 चरोदा निगम, बीरगांव निगम और नगर पालिका परिषद जामुल में होने जा रहे निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस भवन में विधायक अरुण वोरा, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, आरएन वर्मा, प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर, महापौर धीरज बाकलीवाल, भिलाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, महेश सिंह भुवाल, संजू धनकर, राजकुमार साहू, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, पप्पू श्रीवास्तव, अशोक मेहरा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here